डोईवाला
कांसरो रेंज के पास सड़क पर अचानक आए एक बेकाबू जंगली हाथी ने स्कूटी सवार ग्रामीण को बेरहमी से पटककर मौत के घाट उतार दिया। इस खौफनाक वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और गुस्साए ग्रामीणों ने राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन के सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलकर रख दी है। झबरावाला डोईवाला निवासी 51 वर्षीय जमील पुत्र असगर अली खेती-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शुक्रवार रात वह अपने साथी नफीस के साथ स्कूटी से गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे कांसरो रेंज के पास पहुंचे, अंधेरे में अचानक एक हाथी सड़क पर आ धमका। हाथी को सामने देखते ही स्कूटी अनियंत्रित हो गई और जमील जमीन पर गिर पड़े। इससे पहले कि वह उठकर भाग पाते, हाथी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और जमीन पर पटक-पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें
घटना के समय किसी तरह जान बचाकर भागा साथी नफीस बदहवास हालत में गांव पहुंचा और परिजनों को खबर दी। बदहवास परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और जमील को जौलीग्रांट स्थित निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रेंज अधिकारी शीतल सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना की जांच की जा रही है। सुरक्षा के इंतजामों पर भी नजर है।
