हरिद्वार
हरिद्वार के श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र की चंडीघाट बस्ती में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। खाना बनाने के दौरान हुए आपसी विवाद में 25 वर्षीय बेटे ने अपने 60 वर्षीय पिता पर बेलन और डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।
मृतक की पहचान: प्यारेलाल (60 वर्ष), जो पेशे से राजमिस्त्री का काम करते थे।
आरोपी: प्रकाश (25 वर्ष), जो मजदूरी करता है। बताया जा रहा है कि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।
विवाद के बाद सिर पर किए जानलेवा वार
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात प्यारेलाल घर में खाना बना रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका अपने बेटे प्रकाश से विवाद हो गया। गुस्साए प्रकाश ने बेलन और डंडे से अपने पिता के सिर पर गंभीर वार कर दिए।
एम्स ऋषिकेश में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल प्यारेलाल को परिजन आनन-फानन में एम्स ऋषिकेश ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाली श्यामपुर प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि आरोपी बेटे प्रकाश को हिरासत में ले लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
