ऋषिकेश
शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 24 छात्र-छात्राओं को सूर्यकिरण वेलफेयर सोसाइटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। संस्था द्वारा सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को 1,000-1,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे ऋषिकेश ट्रांसपोर्ट यूनियन के अध्यक्ष सुधीर राय ने कहा कि सही समय पर मिलने वाला प्रोत्साहन बच्चों के आत्मविश्वास को नई ऊर्जा देता है। यदि शिक्षा और खेल में आगे बढ़ रहे बच्चों को समाज का सहयोग मिले, तो वे देश और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं।

सूर्यकिरण वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष डी. बी. पी. एस. रावत ने कहा कि संस्था का उद्देश्य प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता चाहे छोटी हो, लेकिन इससे मिलने वाला आत्मविश्वास बहुत बड़ा होता है। शिक्षा और शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव लाने वालों को सम्मानित करना उनका सौभाग्य है।
उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ माल्यार्पण कर सम्मान
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले और 120 से अधिक सम्मान प्राप्त कर चुके शिक्षक, साहित्यकार व समाजसेवी नरेन्द्र खुराना, शिक्षक शिवेंद्र ध्यानी तथा रंजन अन्थवाल को मुख्य अतिथि सुधीर राय और अध्यक्ष डी. बी. पी. एस. रावत ने माल्यार्पण कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक नरेन्द्र खुराना ने किया।

इस अवसर पर सरदार निरपाल सिंह, पार्षद संजय प्रेम सिंह बिष्ट, राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी के निदेशक राजेंद्र प्रसाद पाण्डेय, सेवानिवृत्त सूबेदार राम सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सम्मान मिलने से विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला।
