देहरादून
थाना पटेलनगर क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 5 लाख की सुपारी लेकर जानलेवा हमला करने वाला एक शातिर बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए बदमाश ने खुलासा किया कि उसने एक युवती के कहने पर उसके पूर्व प्रेमी (बैंक कर्मी) को रास्ते से हटाने के लिए गोली मारी थी।
गोरखपुर चौक पर चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
11 सितंबर की शाम पटेलनगर पुलिस गोरखपुर चौक पर सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की बाइक पर आ रहे दो संदिग्धों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही आरोपी बाइक तेजी से प्रेम नगर रोड की ओर भगा ले गए। पुलिस द्वारा पीछा करने पर बदमाशों ने चाय बागान की पगडंडी पर बाइक छोड़कर जंगलों की ओर भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा फरार हो गया।

घायल व वांछित अभियुक्त का विवरण
घायल व गिरफ्तार अभियुक्त: अंकित चौहान (उम्र 25 वर्ष), पुत्र ध्रुव नारायण, निवासी सोसायटी रोड लक्सर, केशव नगर, हरिद्वार।
फरार/वांछित अभियुक्त: अंकुर, पुत्र ब्रह्मपाल, निवासी लोको मोहल्ला, लक्सर, हरिद्वार।
बरामदगी
01 देसी तमंचा (315 बोर)
01 जिंदा व 02 खोखा कारतूस
घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल
5 लाख में दी गई थी हत्या की सुपारी
पूछताछ में घायल बदमाश अंकित चौहान ने बताया कि 8 सितंबर 2026 की शाम उसने अपने साथी अंकुर के साथ मिलकर शिमला बायपास रोड (बड़ोवाला) पर सत्यम कुमार नाम के बैंक कर्मी पर जानलेवा हमला किया था। अंकित के मुताबिक, हरिद्वार की रहने वाली मालिया रहमान नामक युवती और उसके साथी मोहित ने सत्यम को मारने के लिए 5 लाख की सुपारी दी थी। मालिया और सत्यम पूर्व में उज्जीवन बैंक हरिद्वार में साथ काम करते थे। सत्यम ने शादी का झांसा देकर 4-5 साल तक संबंध रखे और बाद में किसी अन्य लड़की से सगाई कर ली। इसी का बदला लेने के लिए मालिया ने 1.20 लाख एडवांस देकर सत्यम की हत्या का ठेका दिया था।
बची हुई रकम लेने पहुंचे थे देहरादून
घटना को अंजाम देने के बाद दोनों शूटर दिल्ली और हरियाणा भाग गए थे। 11 सितंबर को वे मोहित से सुपारी की बची हुई रकम लेने दोबारा देहरादून पहुंचे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के कारण चेकिंग के दौरान धरे गए। पुलिस ने घायल अभियुक्त को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया है। फरार बदमाश अंकुर की गिरफ्तारी के लिए जंगलों में सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।
