ऋषिकेश
अब बड़ी खबर ऋषिकेश से है जहां एम्स रोड से आवारा पशुओं के आतंक का एक खौफनाक मामला सामने आया है। सड़क किनारे आपस में लड़ रहे दो भारी-भरकम सांडों को हटाने की कोशिश में एक हादसा हुआ है। घटना में स्कूटी सवार महिला सांडों की चपेट में आकर सड़क पर गिरकर सड़क पर खड़े वाहन से टकरा गई। गनीमत यह रही कि उसकी जान बच गई लेकिन वह जख्मी हो गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एम्स रोड पर बिजली के खंभे और दुकान के पास दो काले रंग के सांड आपस में सींग लड़ाते हुए उग्र होकर भिड़ गए। इस दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति हाथ में छड़ी लेकर उन्हें भगाने और अलग करने का प्रयास करने लगा। जैसे ही व्यक्ति ने छड़ी से सांड़ों को खदेड़ा, दोनों सांड अचानक उग्र होकर अलग-अलग दिशाओं में दौड़ पड़े। तभी सड़क से गुजर रही स्कूटी सवार महिला सांड की चपेट में आ गई। बता दे कि ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में आवारा सांडों का सड़कों पर खुलेआम घूमना एक गंभीर समस्या बन चुका है। एम्स रोड पर रोजाना मरीजों के साथ, एम्बुलेंस और आम राहगीरों की भारी आवाजाही रहती है, वहां इस तरह आवारा पशुओं का जमघट किसी बड़े खतरे से कम नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम और प्रशासन को बार-बार शिकायत देने के बावजूद इन निराश्रित पशुओं को गौशाला भेजने या सड़कों से हटाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। शहर में इस प्रकार का यह पहली नजारा नहीं है। इस प्रकार के अन्य नजारे शहर की सड़कों पर देखे जा चुके हैं। कई घटनाओं में लोग अपनी जान भी गवां चुके हैं।

