टिहरी
जनपद टिहरी के थाना छाम क्षेत्रान्तर्गत नागराजाधार के पास बृहस्पतिवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। देहरादून से उत्तरकाशी की ओर ऑनलाइन डिलीवरी का सामान ले जा रहा एक पिकअप वाहन (संख्या UK07CD8896) अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे के बाद चालक वाहन के भीतर ही बुरी तरह फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना छाम पुलिस की टीम बिना कोई वक्त गंवाए तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए राहत व बचाव कार्य शुरू किया। काफी कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस जवानों ने वाहन में फंसे चालक को सकुशल बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस की मदद से समय पर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा
घायल चालक की पहचान 37 वर्षीय कमल (पुत्र अशोक), निवासी ग्राम/थाना विलसंडा, जनपद पीलीभीत उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। चालक ने बताया कि वाहन के अचानक ब्रेक फेल हो गए। जिस कारण गाड़ी पर से उसका नियंत्रण छूट गया और यह हादसा हो गया।
चालक के अनुसार, वह पिछले दो महीनों से यह वाहन चला रहा है, जिसका स्वामी सागर चंद निवासी नयागांव, बडोवाला, देहरादून है। समय पर पहुंचे पुलिस बल के त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन की बदौलत चालक की जान बच सकी। टिहरी पुलिस ने एक बार फिर आपातकालीन परिस्थितियों में अपनी त्वरित कार्यप्रणाली और जनसुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को साबित किया है।
