ऋषिकेश
31 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे ऋषिकेश के निकट मुनिकीरेती के स्वामीनारायण आश्रम के पास सन्नाटा पसरा हुआ था। तभी चमोली के नंदा नगर निवासी हरेन्द्र सिंह भंडारी को तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने घेर लिया। धारदार चाकुओं की नोक पर बदमाशों ने हरेन्द्र को जान से मारने की धमकी दी और देखते ही देखते उनकी जेब से 14 हजार रुपए की नकदी और मोबाइल छीनकर फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
एसएसपी श्वेता चौबे का एक्शन: 50 CCTV कैमरों से बिछा खाकी का जाल
घटना की भनक लगते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी श्वेता चौबे ने कड़ा रुख अपनाया। पुलिस टीमों को अल्टीमेटम दिया। बदमाश हर हाल में सलाखों के पीछे होने चाहिए। जांच अधिकारी सचिन पुंडीर के नेतृत्व में मुनिकीरेती पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। कड़ी से कड़ी जोड़ी गई, और आखिरकार संदिग्धों के चेहरे पुलिस के रडार पर आ गए।
48 घंटे के भीतर बड़ा धमाका: खारा स्रोत पुल के पास दबोचे गए आरोपी!
2 सितम्बर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि तीनों आरोपी भागने की फिराक में खारा स्रोत पुल के पास छिपे हैं। पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाकर दो शातिर लुटेरों को धर दबोचा और एक नाबालिग को अपनी कस्टडी में लिया।
तलाशी के दौरान बरामदगी:
₹12,500 की लूटी गई नकदी बरामद।
पीड़ित का Tecno Spark मोबाइल फोन बरामद।
दो अभियुक्तों के पास से धारदार अवैध चाकू बरामद।
गिरफ्तार बदमाशों का काला सच: एक आरोपी का निकला लंबा आपराधिक इतिहास!
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सामने आई:
अमन प्रसाद (20 वर्ष): निवासी ऋषिकेश (इसके पास से ₹5,000 नकद व 1 चाकू मिला)।
अंकित (19 वर्ष): निवासी मुनिकीरेती (इसके पास से ₹4,000 नकद व 1 चाकू मिला)।
विधि विवादित किशोर: (इसके पास से ₹3,500 नकद व लूटा गया मोबाइल बरामद)।
चौंकाने वाला खुलासा: पकड़ा गया मुख्य आरोपी अमन प्रसाद कोई नया अपराधी नहीं है! वह पहले भी एनडीपीएस एक्ट, चोरी और आर्म्स एक्ट के गंभीर मामलों में जेल की हवा खा चुका है।
कड़ी धाराओं में केस दर्ज
लूट का माल और खतरनाक हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपियों पर BNS की धारा 317 और आर्म्स एक्ट के तहत शिकंजा कसा है। पुलिस अब आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की तैयारी में है। मुनिकीरेती पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।
