ऋषिकेश
ऋषिकेश के मुनिकीरेती में अवैध रूप से व्यावसायिक गतिविधियों में लगे निजी दोपहिया वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने शिकंजा कस दिया है। आज एआरटीओ रश्मि पंत के नेतृत्व में तपोवन चौक पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जिससे नियम उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। चेकिंग के दौरान निजी दोपहिया वाहनों को रैपिडो एवं अन्य ऐप्स के माध्यम से व्यावसायिक सवारी ढोने के आरोप में 8 वाहनों के चालान किए गए और 6 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। इस दौरान एक दोपहिया वाहन चालक नशे में दोपहिया चलाता मिला। एआरटीओ रश्मि पंत ने स्पष्ट किया कि विभाग द्वारा जारी लाइसेंस की शर्तों के अनुसार रैपिडो केवल ट्रांसपोर्ट कैटेगरी के व्यावसायिक वाहनों का ही उपयोग कर सकती है। नियमों का उल्लंघन कर निजी वाहनों से व्यावसायिक सेवाएं दिलवाने पर रैपिडो का लाइसेंस निरस्त करने के लिए उच्च अधिकारियों को संस्तुति भेजी जा रही है। बताया कि लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि निजी दोपहिया वाहन चालक पैसों के लालच में अवैध सवारियां ले जा रहे हैं, जो सड़क सुरक्षा के लिहाज से बेहद खतरनाक है। परिवहन विभाग ने चेतावनी दी है कि नियम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
