
देहरादून
पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरुप ने पुलिस लाइन देहरादून में जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान आईजी गढ़वाल ने जनपद में घटित अपराधों, उनके अनावरण और कानून व्यवस्था की सर्किलवार गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ऑपरेशन प्रहार के तहत देहरादून पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई की सराहना की और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक के दौरान आईजी गढ़वाल ने मुख्य रूप से निम्नलिखित दिशा-निर्देश जारी किए।

1. लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण
आईजी ने गंभीर अपराधों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि विवेचनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और गुण-दोष के आधार पर उनका समय से निस्तारण सुनिश्चित हो। सभी क्षेत्राधिकारियों को अपने सर्किल के थानों का नियमित ओआर लेने तथा विवेचनाओं की प्रगति की निगरानी करने को कहा गया है।
2. रैश ड्राइविंग और ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्त एक्शन
सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आईजी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को चेकिंग अभियान तेज करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, विशेषकर रैश ड्राइविंग, ड्रंक एंड ड्राइव और ओवरस्पीडिंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही दुर्घटना पीड़ितों की हरसंभव सहायता करने और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने को भी कहा।

3. सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर होगी जेल
इनामी और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए थाना स्तर पर टीमें गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें प्रचारित-प्रसारित कर आम जनता को गुमराह करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले शरारती तत्वों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।
4. बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का 100% सत्यापन
संदिग्धों और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले बाहरी व्यक्तियों की धरपकड़ के लिए पूरे जनपद में वृहद स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत क्षेत्रों में रहने वाले बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, फड़/ठेली संचालकों और बगीचों में काम करने वाले मजदूरों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

49 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी हुए सम्मानित
जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और विभिन्न मामलों के खुलासे में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 49 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आईजी गढ़वाल राजीव स्वरुप द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी कर्मचारी भविष्य में भी इसी प्रकार पूर्ण मनोयोग और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहेंगे।
