
ऋषिकेश
आम जनता की रसोई पर एक बार फिर महंगाई का बोझ बढ़ गया है। तेल कंपनियों ने घरेलू रसोई गैस LPG के दामों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। तीर्थनगरी ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपए की वृद्धि की गई है। इस बढ़ोतरी के बाद अब ऋषिकेश में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 932 रुपए से बढ़कर 961 रुपए पर पहुंच गई है। बढ़ी हुई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।
तीन महीने में दूसरी बार बढ़ीं कीमतें
वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल और गैस की कीमतों में आ रहे उतार-चढ़ाव का असर अब सीधे आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रहा है। पिछले तीन महीनों के भीतर घरेलू रसोई गैस के दामों में यह दूसरी बड़ी बढ़ोतरी है। इससे पहले मार्च महीने में भी सिलेंडर के दामों में इजाफा किया गया था। लगातार बढ़ रहे दामों से गृहणियों का बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है।
क्यों बढ़े दाम?
सूत्रों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती ऊर्जा संकट और खाड़ी देशों से होने वाली गैस सप्लाई प्रभावित होने के कारण तेल विपणन कंपनियों (OMCs) की लागत में भारी बढ़ोतरी हुई है। लागत और बिक्री मूल्य के बीच बढ़ते अंतर (अंडर-रिकवरी) को कम करने के लिए कंपनियों ने यह कदम उठाया है।
आम जनता में नाराजगी, बजट बिगड़ा
सिलेंडर के दाम 961 रुपए पहुंचने पर स्थानीय निवासियों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। ऋषिकेश की एक गृहणी ने बताया कि पहले से ही राशन, सब्जियां और अन्य जरूरी सामान महंगे हैं। अब रसोई गैस के दाम फिर से बढ़ने से घर चलाना और मुश्किल हो जाएगा। सरकार को कम से कम घरेलू गैस पर आम जनता को राहत देनी चाहिए। इस बढ़ोतरी के बाद अब उपभोक्ताओं को नया सिलेंडर रिफिल कराने के लिए 961 रुपए की बड़ी रकम ढीली करनी होगी। जिससे मध्यम और निम्न वर्गीय परिवारों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
फिर हमलावर होगा विपक्ष
इस मामले में कांग्रेस पहले से ही केंद्र सरकार पर हमलावर है। माना जा रहा है कि अब कांग्रेस इस महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार पर बड़े हुए दाम वापस लेने के लिए दबाव बनाने का काम करेगी। व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा, कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला, राकेश मियां, विनय सारस्वत, दीपक जाटव, हिमांशु जाटव, रवि जैन आदि नेताओं ने इस बढ़े हुए गैस के दामों को लेकर अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्ति है।
