
ऋषिकेश
ऋषिकेश के निकट मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में बीती रात रफ्तार और लापरवाही का कहर देखने को मिला। जहां अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन भीषण सड़क हादसों में 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 31 से अधिक लोग घायल हुए हैं। एक ही रात में हुई इन तीन बड़ी दुर्घटनाओं ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर कर रख दिया है।
पहला हादसा: खाई में गिरी यूटिलिटी, एक की मौत
हादसों का यह सिलसिला रात करीब सवा 9 बजे शिवपुरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत बांस काटल के निकट शुरू हुआ। शादी का सामान लेकर गांव जा रहा एक यूटिलिटी वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस दुर्घटना में स्थानीय निवासी 52 वर्षीय वीर सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार 6 लोग घायल हो गए।
दूसरा हादसा: अज्ञात वाहन ने स्कूटी को रौंदा, दो ने गंवाई जान
पहली घटना को अभी एक घंटा भी नहीं बीता था कि रात करीब 10 बजे शिवपुरी स्थित पेट्रोल पंप के पास एक और बड़ा हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में स्कूटी सवार प्रेम सिंह और आशीष गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी दर्दनाक मौत हो गई। रिश्ते में दोनों जीजा साले थे।
तीसरा हादसा: गूलर के पास नदी में गिरी बस, 9 की मौत
मौतों का यह तांडव यहीं नहीं रुका। तड़के करीब साढ़े चार बजे गूलर के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सीधे नदी में जा गिरी। इस भीषण बस दुर्घटना में 9 लोगों ने अपनी जान गंवा दी, जबकि 25 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को तत्काल ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। महज कुछ ही घंटों के भीतर 12 लोगों के काल के गाल में समा जाने से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों के बीच यह रात चर्चा का विषय बनी हुई है। जहां कुछ लोग इसे यमराज की काली रात बता रहे हैं। वहीं कई लोग इसे ग्रहों की प्रतिकूल चाल से जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल पुलिस तीनों मामलों की जांच में जुटी है।
