
ऋषिकेश
कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि पर मनाए जाने वाले लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर भव्य और अलौकिक नजारा देखने को मिल रहा है। यहां सार्वजनिक छठ पूजा समिति के बैनर तले 33वां वार्षिक छठ महापर्व बेहद उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। जिसमें पूर्वांचल समाज के साथ साथ देश के विभिन्न राज्यों और महानगरों से आए श्रद्धालु बड़ी संख्या में जुटे हुए हैं। सार्वजनिक छठ पूजा समिति के अध्यक्ष रामकृपाल गौतम ने इस पर्व और इसकी तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी है। रामकृपाल गौतम ने बताया कि षष्ठी माता को भगवान सूर्य नारायण की बहन और बालकों की भरण-पोषण व सुरक्षा करने वाली देवी माना जाता है। इस महापर्व में पहले डूबते सूर्य को और फिर उगते सूर्य को अर्घ्य देने की अनादि काल से परंपरा चली आ रही है। उन्होंने बताया कि त्रिवेणी घाट पर गंगा, यमुना और सरस्वती का संगम स्थल होने के साथ-साथ प्राकृतिक सुंदरता और स्वच्छता है, जिसके कारण अन्य प्रदेशों से भी लोग यहां आकर छठ पूजा करना पसंद करते हैं।
व्रत के चरण (नहाय-खाए से पारण तक):
नहाय-खाए: इस दिन शुद्धता के साथ स्नान कर एक समय भोजन (लौकी-चने की सब्जी और चावल/रोटी) ग्रहण किया जाता है।
खरना (पंचमी): इस दिन मिट्टी के चूल्हे पर खीर और रोटी बनाई जाती है, जिसका भोग लगाकर बिना नमक का एक समय भोजन किया जाता है।
निर्जला व्रत और पारण: खरना की शाम से लेकर अगले दिन उगते सूर्य को अर्घ्य दिए जाने तक निर्जला व्रत रखा जाता है। सूर्य को अर्घ्य देने के बाद ही व्रत का पारण (संपूर्ण) होता है।
त्रिवेणी घाट पर चल रहे इन भव्य आयोजनों से पूरा ऋषिकेश क्षेत्र छठी मइया के गीतों और सूर्य उपासना के रंग में पूरी तरह सराबोर हो गया है।
