ऋषिकेश
यूथ स्पोर्ट्स एजुकेशन फेडरेशन इंडिया द्वारा गोवा में आयोजित ऑल इंडिया चैंपियनशिप 2026 में उत्तराखंड पहाड़ी ब्वायज फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल और विनिंग ट्रॉफी अपने नाम की है। फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत 26 से 28 सितंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में टीम ने अपने सभी मुकाबलों में जीत दर्ज कर राज्य का नाम रोशन किया। स्वर्णिम सफलता हासिल कर ऋषिकेश लौटी विजेता टीम का महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को गोल्ड मेडल पहनाकर और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। कुसुम कंडवाल ने टीम की इस स्वर्णिम उपलब्धि को संपूर्ण उत्तराखंड के लिए गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर टीम के संयोजक गोपाल रावत, कोच दिग्विजय सिंह तोमर, कप्तान दीपक बिष्ट और मैनेजर त्रिलोकनाथ गुप्ता सहित सभी प्रमुख सदस्यों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों में शैलेंद्र कुमार अन्थवाल, विजय शर्मा, अनिल रावत, शीशपाल सिंह पोखरियाल और यशवंत सिंह रावत समेत पूरी टीम शामिल रही।
