ऋषिकेश
हरिद्वार ऋषिकेश रेलवे ट्रैक पर भट्टोवाला के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ है। रेलवे की ट्रैकिंग रिकॉर्डिंग कार (TRC) की चपेट में आने से 35 वर्षीय श्रमिक की मौत हो गई। कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मनजीत कुमार 35 वर्ष के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गजरौला बरेली, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। मनजीत वर्तमान में भट्टोवाला में किराए का मकान लेकर अपने परिवार के साथ रहता था और मजदूरी व पुताई का काम करता था। बीते गुरुवार की सुबह वह हमेशा की तरह काम के सिलसिले में घर से निकला था। भट्टोवाला के पास रेलवे ट्रैक पार करते वक्त वह अचानक सामने से आ रही टीआरसी गाड़ी की चपेट में आ गया। दुर्घटना होते ही मौके पर मौजूद रेलवे कर्मियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे गंभीर हालत में ऋषिकेश एम्स पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की जांच कर रहे एसआई मनोज रावत ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में सामने आया है कि मनजीत को कानों से कम सुनाई देता था। आशंका जताई जा रही है कि ट्रैक पार करते समय वह गाड़ी की आवाज या हॉर्न सही समय पर नहीं सुन सका, जिससे यह हादसा हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
