रायवाला
ऋषिकेश के निकट रायवाला से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां पुश्तैनी जायदाद के लालच में एक कलयुगी बेटी ने अपने ही रिश्तों का खून कर दिया। उसने षड्यंत्र के तहत अपने प्रेमी के हाथों अपनी सगी मां को मौत के घाट उतरवा दिया। 65 साल की बुजुर्ग मां खजानी देवी की निर्मम हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने जो खुलासा किया, उसे सुनकर हर किसी की रूह कांप गई। पुलिस की पड़ताल में खुलासा हुआ है कि मृतका की बेटी शिल्पा अपने भाई और मां द्वारा पुश्तैनी जमीन बेचने और उसमें हिस्सा न देने से बुरी तरह झल्ला चुकी थी। उसने अपने प्रेमी शिव नारायण पांडे उर्फ सोनू के साथ मिलकर खौफनाक जाल बुना। शातिर बेटी ने प्रेमी को गुमराह करने के लिए अपनी सगी मां को ही सौतेली मां बता दिया। यही नही प्रेमी को लालच दिया कि मां को रास्ते से हटाते ही जमीन बेचकर उसका 10 लाख का कर्ज भी चुका देगी और फिर वह दोनो एक नई दुनिया बसाएंगे। मामले का खुलासा एसपी देहात जया बलूनी ने किया। उन्होंने बताया कि 21 सितंबर की सुबह, जैसे ही बुजुर्ग मां घर में अकेली हुई, घात लगाए बैठा प्रेमी शिव नारायण दरिंदा बनकर घर में दाखिल हुआ। उसने बेरहम हाथों से बुजुर्ग का गला घोंटकर उन्हें हमेशा के लिए खामोश कर दिया। हत्या के बाद लाश को बाथरूम में फेंक दिया और घर पर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। घटना के बाद शातिर प्रेमी हरिद्वार के शांतिकुंज आश्रम में जा छिपा और बेटी लगातार उसे पुलिस की हर मूवमेंट की रिपोर्ट देती रही। लेकिन पुलिस की पैनी नजरों से हत्यारे ज्यादा देर तक बच नहीं सके।
