ऋषिकेश
ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने नशे के काले कारोबार पर अब तक की सबसे बड़ी चोट की है। चेकिंग अभियान के तहत पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर को धर दबोचा है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में चरस और स्मैक बरामद की है।
जंगलात रोड पर पुलिस को देख भागा, घेराबंदी कर दबोचा
पुलिस के मुताबिक घटना 25 सितंबर की है, जब श्यामपुर चौकी प्रभारी सुमित चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम श्यामपुर क्षेत्र में संदिग्धों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। गश्त के दौरान जैसे ही पुलिस टीम जंगलात रोड, गुज्जर प्लॉट के पास पहुंची, तभी एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर सकपका गया और तेजी से जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने बिना एक पल गंवाए मुस्तैदी दिखाई और घेराबंदी कर आवश्यक बल प्रयोग करते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया।
बरामदगी और नेटवर्क का खुलासा
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से नशे की एक बड़ी खेप बरामद हुई:
अवैध चरस: 435 ग्राम
अवैध स्मैक: 14.5 ग्राम
नगदी व अन्य: ₹1,900 नगद और 2 मोबाइल फोन।
पकड़े गए तस्कर की पहचान गुरुचरण सिंह उर्फ मुन्ना (उम्र 57 वर्ष), निवासी गली नं. 19, चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश के रूप में हुई। मुन्ना कोतवाली ऋषिकेश का चिन्हित हिस्ट्रीशीटर है। कड़ाई से पूछताछ करने पर इस काले कारोबार में दो और बड़े नामों का खुलासा हुआ। आरोपी की पत्नी शान्ति देवी और उसका दामाद सौरभ बत्रा निवासी लखनऊ, हाल निवासी चंद्रभागा, ऋषिकेश ये दोनों भी इस नेटवर्क में शामिल हैं और फिलहाल फरार घोषित किए गए हैं। पुलिस की टीमें दोनों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं।
अपराध की आधी सदी: दर्ज हैं 51 मुकदमे!
वरिष्ठ उप निरीक्षक नवीन जोशी ने बताया कि गिरफ्तार गुरुचरण उर्फ मुन्ना कोई मामूली तस्कर नहीं, बल्कि अपराध की दुनिया का पुराना खिलाड़ी है। वर्ष 1994 से लेकर 2026 तक उस पर हत्या के प्रयास Sec 307 IPC, गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, आबकारी अधिनियम और NDPS एक्ट के कुल 51 मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को मुकदमा पंजीकृत कर उसे जेल भेज दिया है।
कार्रवाई करने वाली जांबाज पुलिस टीम:
उ0नि0 सुमित चौधरी (चौकी प्रभारी/टीम लीडर)
कानि0 440 शेखर सैनी
कानि0 124 अशोक कुमार
कानि0 89 संदीप भट्ट
