ऋषिकेश
ऋषिकेश के गुमानीवाला स्थित राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी में वंदे मातरम गीत की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूल के छात्रों और शिक्षकों ने उत्साह एवं अनुशासन के साथ वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया। जिससे पूरा स्कूल परिसर देशभक्ति के वातावरण से सराबोर हो उठा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वीरभद्र आश्रम के अखंडानंद महाराज, गुमानीवाला के प्रधान किशोरी पैन्यूली, पंचायत सदस्य रुकमा व्यास और वार्ड मेंबर संगीता सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान छात्रों को राष्ट्रगीत वंदे मातरम के ऐतिहासिक महत्व और देश के प्रति उनके कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। निदेशक राजेंद्र प्रसाद पांडे ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक और राष्ट्रीय आयोजन विद्यार्थियों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। प्रधानाचार्य योगेश्वर प्रसाद सेमवाल ने छात्रों को प्रेरित करते हुए देश की प्रगति और विकास में अपना अमूल्य योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान तथा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहने के संकल्प के साथ किया गया।
