ऋषिकेश
ऋषिकेश देहरादून रोड पर सात मोड़ के निकट अचानक एक चलती कार आग का गोला बन गई। समय रहते कार सवार चार युवक बाहर निकल आए। जिससे उनकी जान बच गई और बड़ा हादसा होने से टल गया। पुलिस के मुताबिक देहरादून के रहने वाले चार श्रद्धालु ऋषिकेश में पूजा अर्चना के लिए आए।

वापसी में जब वह घर वापस लौट रहे थे तो सात मोड़ के पास उनकी कार के बोनेट से धुंआ निकलने लगा। यह नजारा देख चालक ने सतर्कता दिखाई और कार को रोककर सभी सवारों को जल्द से जल्द नीचे उतारा। इस दौरान कार धूं धूं कर जलने लगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से सिर्फ धुआं और लपटें दिखाई दी। जिसने राहगीरों के रोंगटे खड़े कर दिए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां सायरन बजाते हुई मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद जब तक आग पर काबू पाया, तब तक कार लोहे का कंकाल बन गई। फायर ऑफिसर सुनील दत्त तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट लग रही है। हालांकि, जिस तरह अचानक कार ने आग पकड़ी, उससे हर कोई हैरान है। मौत को इतने करीब से छूकर लौटने वाले ये चार खुशकिस्मत लोग देहरादून के खुड़बड़ा के रहने वाले हैं। ऋषिकेश में पूजा-अर्चना कर लौट रहे इन श्रद्धालुओं का कहना है कि भगवान की कृपा और चालक की फुर्ती से ही आज वे जिंदा हैं।
