

ऋषिकेश
देवभूमि ऋषिकेश में श्री खाटू श्याम बालाजी धाम मन्दिर का प्रथम वार्षिकोत्सव एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जा रहा है। दो दिवसीय यह भव्य धार्मिक अनुष्ठान 4 और 5 सितंबर को दरबन्द बिरादरी, मनीराम रोड, ऋषिकेश में आयोजित होगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और खाटू श्याम बाबा के दरबार को भव्य रूप से सजाने की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। खाटू श्याम परिवार के सदस्यों ने बताया कि महोत्सव में प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा श्याम बाबा का गुणगान किया जाएगा। इंदौर से भावेश सोनी, ऋषिकेश से शुभम खुराना और गायक ब्रिजेन्द्र उपाध्याय अपनी मधुर आवाज में भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। मंदिर के पुजारी लालमणि व्यास ने सभी धर्मप्रेमी जनता से परिवार सहित इस भव्य धार्मिक आयोजन में सम्मिलित होकर बाबा श्याम का आशीर्वाद और पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
