

डोईवाला
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और दलित समाज के प्रति की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में परवादून जिला कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डोईवाला कोतवाली में जोरदार प्रदर्शन किया और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व अन्य के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर सौंपी। प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान और सामाजिक न्याय के लिए हमेशा संघर्षरत रही है। देश के वरिष्ठ नेता और दलित समाज का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हल्द्वानी की घटना में दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय भाजपा सरकार की साजिश के तहत नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर एफआईआर दर्ज करा दी गई, जो उनकी संकीर्ण मानसिकता को उजागर करता है।

साजिश और दमन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी
रेखा कांडपाल सती (जिला महासचिव): बाबा साहेब अंबेडकर का संविधान हर नागरिक को समान अधिकार देता है। समाज में वैमनस्य फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।
मुकेश प्रसाद (जिलाध्यक्ष, अनुसूचित विभाग): दलित समाज के स्वाभिमान से कोई समझौता नहीं होगा। पुलिस प्रशासन को मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों पर शिकंजा कसना चाहिए।
करतार नेगी (नगर अध्यक्ष): यदि पुलिस ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस उग्र लोकतांत्रिक आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
विरोध प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव नीरज त्यागी, अश्वनी बहुगुणा, सागर मनवाल, सेवादल जिलाध्यक्ष सुनील बर्मन, राहुल खरोला, रेनू चुनारा, गौरव मल्होत्रा, अमित सैनी, इंद्रजीत सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
