

ऋषिकेश
शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में सदैव अग्रणी रहने वाले ‘रोटरी क्लब ऋषिकेश’ ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। बरसात के मौसम में बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इस संवेदनशील सोच के साथ क्लब के सदस्यों ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय, लक्कड़घाट श्यामपुर के 60 छात्र-छात्राओं को मुफ्त रैनकोट वितरित किए। विद्यालय परिसर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में रैनकोट पाते ही मासूम बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इन रैनकोट की व्यवस्था रोटरी क्लब के सक्रिय सदस्य व ऋषिकेश के प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ रो. डॉ. राजेश अग्रवाल द्वारा की गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बारिश के दिनों में दूर-दराज से आने वाले बच्चों को भीगने और बीमार पड़ने से बचाना है, ताकि प्रतिकूल मौसम भी उनके स्कूल आने और शिक्षा प्राप्त करने के रास्ते में रुकावट न बन सके।
इस मौके पर रोटरी क्लब के सचिव मनीष राजपूत ने कहा, “रोटरी क्लब ऋषिकेश हर उस वर्ग के साथ मजबूती से खड़ा है जिसे सहायता की आवश्यकता है। बच्चों का भविष्य सुरक्षित करना और उन्हें बेहतर माहौल देना हमारी प्राथमिकता है। समाज सेवा की यह यात्रा भविष्य में भी इसी ऊर्जा के साथ जारी रहेगी।”
कार्यक्रम में रोटरी क्लब के वरिष्ठ सदस्य रो. लक्ष्मण सिंह चौहान, रो. राजीव गर्ग और सचिव मनीष राजपूत मुख्य रूप से उपस्थित रहे। स्कूल प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों ने रोटरी क्लब और डॉ. राजेश अग्रवाल की इस कल्याणकारी पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
