

ऋषिकेश
ऋषिकेश के मुनिकीरेती क्षेत्र में भद्रकाली मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। राजस्थान नंबर की पर्यटकों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई है। इस दर्दनाक हादसे में बस की चपेट में आने से स्कूटी सवार दो स्थानीय युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 13 यात्री घायल हो गए हैं।
हादसे में जान गंवाने वाले युवक:
- शुभम बिष्ट (24 वर्ष), पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट — निवासी: गली नंबर 5, गणेश विहार, गंगानगर, ऋषिकेश।
- ऋषभ बिष्ट (32 वर्ष), पुत्र विक्रम बिष्ट — निवासी: गली नंबर 6, गणेश विहार, गंगानगर, ऋषिकेश।

नीलकंठ दर्शन से लौट रहे थे यात्री
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी पर्यटक नीलकंठ महादेव के दर्शन करने के लिए गए थे। उनकी बस मुनिकीरेती बस पार्किंग में खड़ी थी। दर्शन कर वापस लौटने के बाद बस यात्रियों को लेकर हरिद्वार की ओर रवाना हुई। जैसे ही बस भद्रकाली से नीचे की तरफ आ रही थी, तभी एक मोड़ पर वाहन का संतुलन बिगड़ गया और बस बेकाबू होकर पलट गई। हादसे की मुख्य वजह बस के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है।

पुलिस और SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना में घायल 13 पर्यटकों को रेस्क्यू कर इलाज के लिए तुरंत ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक घायलों को मामूली चोटें आई हैं।

क्रेन से हटाया गया वाहन, जांच शुरू
हादसे के तुरंत बाद भद्रकाली मार्ग पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाकर किनारे किया और यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है।
