

ऋषिकेश
ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र के खोखा व्यापारी एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को स्थानीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से उनके कैंप कार्यालय में मुलाकात की। व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन पर अनावश्यक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए अपनी समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने विधायक को अवगत कराया कि वे प्रति खोखा ढाई लाख रुपये की राशि नगर निगम में जमा करा चुके हैं। इसके बावजूद निगम की ओर से उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है, जिससे उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
व्यापारियों की बात सुनने के बाद विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके से ही नगर आयुक्त से दूरभाष पर बात की। उन्होंने नगर आयुक्त को सख्त निर्देश दिए कि मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले छोटे और गरीब व्यापारियों का किसी भी स्थिति में उत्पीड़न न किया जाए।
डॉ. अग्रवाल ने कहा छोटे व्यापारियों की आजीविका सुरक्षित रहे, इसके लिए निगम प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि उनकी जायज समस्याओं के समाधान के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे।
इस दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष हीरालाल शर्मा, किशन मंडल, सोनू धीमान, सुरेश शर्मा, रिंकू प्रजापति, पुरुषोत्तम जोशी, पुरुषोत्तम कुड़ियाल, ओमप्रकाश बरमोला, दिलीप झा, गौरव धीमान, संदीप वर्मा, भूपेंद्र सिंह, कमल वर्मा, मांगेराम, कमलेश डेंटर, सुभाष गिरी, सुशील कुमार पेंटर और संदीप डेंटर सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।
