

ऋषिकेश
कॉलेज परिसर में सफाई व्यवस्था सुधारने और मच्छरों के प्रकोप से छात्र-छात्राओं को बचाने के उद्देश्य से मंगलवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ऋषिकेश इकाई द्वारा एक विशेष स्वच्छता व फॉगिंग अभियान चलाया गया।
यह अभियान नगर निगम ऋषिकेश के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसके तहत पूरे कॉलेज परिसर में कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव और फॉगिंग कराई गई। इसके साथ ही परिसर के विभिन्न हिस्सों में लंबे समय से जमा कूड़े-कचरे की सफाई भी करवाई गई।
छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षित वातावरण पर जोर
NSUI के महानगर अध्यक्ष और पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु जाटव ने अभियान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि परिसर में कुछ स्थानों पर लगातार गंदगी जमा हो रही थी, जिससे मच्छरों की समस्या बढ़ गई थी। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नगर निगम से समन्वय बनाकर यह कदम उठाया गया है।

“छात्रहित केवल ज्ञापन देने या विरोध प्रदर्शन करने तक सीमित नहीं है। विद्यार्थियों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना भी संगठन का प्राथमिक कर्तव्य है।”
— रेहन बंदोलिया, छात्र नेता
नियमित सफाई व्यवस्था की मांग
अभियान के दौरान छात्र नेताओं ने कॉलेज प्रशासन से परिसर में नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करने की अपील की। छात्र नेता मानव रावत और उदित झा ने स्पष्ट किया कि छात्रों की समस्याओं को हर स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर प्रशासन के समक्ष भी आवाज बुलंद की जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में NSUI कार्यकर्ताओं ने समय पर सहयोग प्रदान करने के लिए ऋषिकेश नगर निगम का आभार जताया।
कार्यक्रम में उपस्थिति:
इस अवसर पर मानसी सती, शिवानी नेगी, सृष्टि रमोला, प्रिया बर्थवाल, दीपक कुशवाहा, ऋषि शुक्ला सहित कई अन्य छात्र कार्यकर्ता मौजूद रहे।
