

ऋषिकेश
युवा कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी को याद करते हुए उनकी प्रतिमा पर श्रद्धा-पुष्प अर्पित किए और उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान संगठन को मजबूत करने और युवाओं के ज्वलंत मुद्दों को उठाने पर जोर दिया गया।
नेताओं के प्रमुख वक्तव्य
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव भारती ने कहा कि युवा कांग्रेस देश के युवाओं की बुलंद आवाज बनकर लोकतंत्र, संविधान और जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष कर रही है।
उन्होंने कहा कि आज का युवा देश के भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। युवा कांग्रेस युवाओं को संगठन से जोड़कर उनकी आवाज को और मजबूती प्रदान करेगी।
प्रदेश सचिव अंकुश ने युवा कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास को रेखांकित करते हुए कहा कि संगठन का इतिहास संघर्ष, त्याग और जनसेवा से भरा रहा है। उन्होंने इंदिरा गांधी जी को नमन करते हुए संकल्प दोहराया कि युवाओं के अधिकारों, रोजगार, शिक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से लड़ाई लड़ी जाएगी।
ब्लॉक उपाध्यक्ष मयंक पाल ने युवाओं को राष्ट्र की वास्तविक शक्ति करार दिया। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस का मुख्य उद्देश्य अंतिम छोर पर खड़े युवा तक पहुंचना, उसकी समस्याओं का समाधान करना और उसे संगठन की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने सड़क से लेकर सदन तक युवाओं के हक की लड़ाई लड़ने की बात कही।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस और युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
