

ऋषिकेश
कांवड़ मेला के मद्देनजर जिला प्रशासन देहरादून ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण फैसला लिया है। ऋषिकेश तहसील क्षेत्र अंतर्गत आने वाले हरिपुरकलां स्थित सभी शिक्षण संस्थानों में 31 जुलाई 2026 से 11 अगस्त 2026 तक भौतिक शैक्षणिक कार्य के लिए अवकाश घोषित कर दिया गया है। इस संबंध में देहरादून के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने 30 जुलाई 2026 को आधिकारिक आदेश जारी किये है।
आदेश की मुख्य बातें:
किन संस्थानों पर लागू:
हरिपुरकलां क्षेत्र में संचालित सभी सरकारी व गैर-सरकारी (प्राइवेट) विद्यालय, उच्च शिक्षण संस्थान, प्राविधिक/तकनीकी शिक्षण संस्थान (पॉलीटेक्निक/कॉलेज) तथा आंगनबाड़ी केंद्र इस दौरान बंद रहेंगे।
ऑनलाइन पढ़ाई जारी रहेगी: छुट्टी के दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए इस अवधि में शैक्षणिक गतिविधियां ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जाएंगी।
निर्णय का कारण: कांवड़ मेले के चलते हरिपुरकलां क्षेत्र में सड़कों पर अत्यधिक भीड़ और कांवड़ियों की लगातार आवाजाही बढ़ रही है। कई मार्गों पर रूट डायवर्जन और मार्ग बंद होने के कारण विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में कठिनाई और सुरक्षा संबंधी जोखिम का सामना करना पड़ सकता था।
जिलाधिकारी ने संबंधित सभी अधिकारियों, प्राचार्यों और प्रधानाचार्यों को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
