

ऋषिकेश
ऋषिकेश में कांवड़ यात्रा की शुरुआत होने के साथ ही पुलिस प्रशासन ने स्वास्थ्य सुविधाओं और शिक्षण संस्थानों की शांति बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। कावड़ यात्रा के दौरान एम्स, अस्पतालों और स्कूलों के आसपास कांवड़ियों द्वारा तेज आवाज में डीजे बजाने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारी-भरकम जुर्माने के साथ ऑनलाइन चालान काटने की कार्रवाई की जाएगी। एसपी जया बलूनी के मुताबिक नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए पुलिस ने विशेष योजना बनाई है। एम्स के समीप लगाई गई बैरिकेडिंग पर तैनात पुलिसकर्मियों को मुख्य जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा शहर के अन्य प्रमुख अस्पतालों और स्कूलों के आसपास भी पुलिसकर्मी तैनात किये गए है। पुलिस की यह सख्ती केवल डीजे तक सीमित नहीं है। यात्रा के दौरान मोटरसाइकिलों से साइलेंसर निकालकर या पटाखा छोड़ते हुए फर्राटा भरने वाले हुड़दंगी कांवड़ियों पर भी शिकंजा कसा जाएगा। ऐसे वाहन चालकों को चिन्हित कर पुलिस ऑनलाइन चालान काटेगी और भारी जुर्माना लगाएगी। एसपी जया बलूनी ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान व्यवस्था और शांति बनाए रखना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। नियमों को तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
