
उधमसिंहनगर
एसटीएफ ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए गदरपुर निवासी मो. सलाउद्दीन को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए युवाओं को कट्टरपंथी व जिहादी विचारधारा से जोड़ने और देश की सुरक्षा के खिलाफ साजिश रचने में लिप्त का आरोपी है। आरोपी की निशानदेही पर देर रात चले सर्च अभियान में 1 पिस्तौल, 5 कारतूस, 4 डेटोनेटर और 2 एके-47 के कारतूस बरामद किए गए हैं। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी को पाकिस्तान द्वारा मलेशिया में बैठे एक हैंडलर के जरिए संचालित किया जा रहा था और वह किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में था। इस अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को खंगालने के लिए एसटीएफ की टीमें उत्तर प्रदेश के रामपुर में भी छापेमारी कर रही हैं। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। एसटीएफ ने जनता से अपील की है कि राष्ट्रविरोधी गतिविधियों की जानकारी तत्काल साझा करें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
