
हरिद्वार
कप्तान नवनीत सिंह की अगुवाई में हरिद्वार पुलिस ने विष्णू घाट से चोरी हुई 4 महीने की मासूम बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया है। कनखल और कलियर के बाद बच्चा चोरी की यह तीसरी बड़ी वारदात थी, जिसे पुलिस ने बेहद सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के बाद बेनकाब किया है। इस मामले में पुलिस ने एक दंपत्ति और उनके मददगार कथित बाबा सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी दंपत्ति को 3 लाख के लालच में लड़का चुराना था, लेकिन वे गलती से लड़की उठा ले गए। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस कप्तान ने बताया कि सम्भल निवासी पुष्पेंद्र ने रोड़ी बेलवाला चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह परिवार सहित गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आए थे।

सुबह करीब 4 बजे जब उनकी आंख खुली, तो उनकी 4 महीने की बेटी गायब थी। बच्ची के चोरी होने की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने तुरंत कमान संभाली और टीमों का गठन कर बच्ची की तलाश शुरू की। सटीक लीड मिलते ही पुलिस टीम ने ब्रह्मपुरी स्थित बाबा की झोपड़ी में तत्काल दबिश दी। वहां से संदिग्ध बाबा सत्यपाल और आरोपी महिला-पुरुष को चोरी की गई 4 महीने की बच्ची के साथ रंगे हाथों दबोच लिया गया।
