
ऋषिकेश
नगर निगम ऋषिकेश के कार्यालय में मेयर शंभु पासवान ने एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने आगामी दिनों में होने वाले मेयर सम्मेलन की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के इतिहास में पहली बार इतने बड़े स्तर पर मेयर सम्मेलन का आयोजन ऋषिकेश में किया जा रहा है। जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। मेयर ने बताया कि इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे। इसके अलावा कार्यक्रम में वन मंत्री सुबोध उनियाल, मंत्री राम सिंह खेड़ा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, मेयर काउंसिल की अध्यक्ष रेनू बाला गुप्ता और सचिव मनोज गुप्ता सहित देश भर से लगभग 60 मेयर और प्रतिनिधि शामिल होंगे। शाम के सत्र में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा भी अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। सम्मेलन का आयोजन ऋषिकेश के नटराज होटल में किया जाएगा। सरकारी स्तर और बोर्ड फंड से इस कार्यक्रम के लिए सहयोग मिल रहा है, लेकिन मुख्य ध्यान बाहर से आने वाले अतिथियों के सत्कार पर है। उनके रहने, खाने-पीने और वाहनों की पूरी व्यवस्था निगम और पार्षदों के आपसी सहयोग से की जा रही है। कार्यक्रम को विभिन्न सत्रों में विभाजित किया गया है प्रथम सत्र: सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा।द्वितीय सत्र लंच के बाद शुरू होगा, जिसमें केवल मेयरों के बीच विशेष चर्चा होगी। सांस्कृतिक सत्र व गंगा आरती शाम 5 बजे सभी अतिथि त्रिवेणी घाट जाएंगे, जहां भव्य गंगा आरती का आयोजन होगा। इसके बाद उत्तराखंड की लोक संस्कृति और विरासत को बढ़ावा देने के लिए प्रसिद्ध लोक गायक प्रीतम भरतवाण की जागर और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। शंभु पासवान ने सम्मेलन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस सम्मेलन के माध्यम से देश के विभिन्न शहरों जैसे इंदौर और सूरत, जो स्वच्छता में अव्वल हैं के मेयर एक-दूसरे के साथ अपने अनुभव, कार्यप्रणाली और तकनीक को साझा करेंगे। इससे हमें यह सीखने को मिलेगा कि उन्होंने अपने शहरों का विकास कैसे किया। साथ ही, मेयरों के अधिकारों और शक्तियों को बढ़ाने को लेकर भी चर्चा की जाएगी। उन्होंने मीडिया के माध्यम से जनता से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में अपना सहयोग दें।
