
ऋषिकेश
ऋषिकेश के निकट मुनि की रेती में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां मिट्टी लेकर श्रीनगर जा रहा एक डंपर अनियंत्रित होकर सीमेंट का पैराफिट तोड़ते हुए ब्रह्मानंद मोड़ से चंद्रभागा नदी में गिर गया है। घटना में ड्राइवर ने डंपर से कूद कर अपनी जान बचाने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सका। उसकी सड़क पर गिरने से दर्दनाक मौत हो गई है। जबकि डंपर की टक्कर से टूटा पैराफिट नदी किनारे बनी झोपड़ी पर गिरा है। जिससे झोपड़ी के अंदर सो रही एक महिला की भी दबकर दर्दनाक मौत हो गई है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टि डंपर के ब्रेक फेल होने की वजह से यह हादसा होने की जानकारी मिली है। भद्रकाली चौकी प्रभारी राजेंद्र रावत ने बताया कि घटना सुबह करीब सवा चार बजे की है। डंपर चालक का नाम फारूख निवासी लक्सर जिला हरिद्वार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी डंपर के मालिक को दे दी गई है। जबकि मृतक महिला की पहचान 42 वर्षीय कौशल्या देवी निवासी बवानी शिवपुरी टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है। गनीमत यह रही की पैराफिट केवल महिला के ऊपर गिरा जिससे उसके तीन बच्चों की जान बच गई। महिला का पति सुरेश मजदूरी का काम करता है, वह भी गांव गया हुआ है। जिससे घटना की जानकारी दे दी है। घटना के बाद से आसपास झोपड़ी में रहने वाले लोगों में शोक की लहर है। बच्चों का भी रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और किसी तरह झोपड़ी में दबे महिला के शव को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। एसडीआरएफ के इंसपेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि सुबह-सुबह दो परिवारों के लिए यह बड़ा दर्दनाक हादसा हुआ है।
