
ऋषिकेश
शिक्षा, साहित्य और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज, ऋषिकेश के शिक्षक डॉ. सुनील दत्त थपलियाल को एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है। नैनीताल स्थित लोक भवन में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान उत्तराखंड के महामहिम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) द्वारा उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। राजभवन में सैनिक कल्याण निदेशालय द्वारा एक शाम सैनिकों के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में जहां एक ओर सेना के ऑपरेशन सिंदूर सहित देश रक्षा के विभिन्न अभियानों में अदम्य साहस दिखाने वाले जांबाज सैनिकों को सम्मानित किया गया, वहीं दूसरी ओर डॉ. सुनील दत्त थपलियाल को उत्तराखंड में उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक, साहित्यिक, सामाजिक कार्यों तथा शासन-प्रशासन के कार्यक्रमों में वर्षों से बेहतरीन मंच संयोजन, उद्घोषक (एंकरिंग) और प्रभावशाली भाषण शैली के लिए सम्मानित किया गया। डॉ. थपलियाल ने इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए सैनिक कल्याण निदेशालय के निदेशक एवं समस्त अधिकारियों का सहृदय आभार व्यक्त किया है। डॉ. थपलियाल की इस गौरवमयी उपलब्धि पर श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में खुशी का माहौल है। प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी ने बधाई देते हुए कहा कि डॉ. सुनील दत्त थपलियाल ने संपूर्ण उत्तराखंड में विद्यालय का नाम रोशन किया है। उनकी यह उपलब्धि हम सभी के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। डॉ. सुनील दत्त थपलियाल ने संपूर्ण उत्तराखंड में विद्यालय का नाम रोशन किया है। उनकी यह उपलब्धि सभी के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। वरिष्ठतम प्रवक्ता लेफ्टिनेंट लखविंदर सिंह ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. थपलियाल को सर्वश्रेष्ठ साहित्यिक, शैक्षणिक, सामाजिक और उत्कृष्ट मंच संचालन के लिए सम्मानित किया जाना पूरी तरह न्यायसंगत है और इससे क्षेत्र के अन्य शिक्षकों व युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। इस अवसर पर प्रधानाचार्य जमुना प्रसाद त्रिपाठी, लेफ्टिनेंट लखविंदर सिंह, रंजन अंथवाल सहित विद्यालय के तमाम शिक्षक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे तथा सभी ने डॉ. थपलियाल को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
