
देवप्रयाग
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर महादेव चट्टी से आगे डंपिंग जोन के पास बीती रात एक बड़ा हादसा हो गया। ऋषिकेश से चमोली की ओर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर लगभग 120 से 125 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही SDRF की टीम ने रात के अंधेरे में बेहद चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर ट्रक चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
देर रात हुआ हादसा, सूचना पर दौड़ी पुलिस और SDRF
यह घटना 28 मई 2026 की रात लगभग 11:00 बजे की है। पुलिस चौकी बचेलीखाल थाना देवप्रयाग, टिहरी गढ़वाल को सूचना मिली कि डंपिंग जोन के पास एक ट्रक वाहन संख्या: UK 14 CA 6541 अनियंत्रित होकर गहरी खाई में समा गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए व्यासी पोस्ट से SDRF की टीम उप निरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में तुरंत साजो-सामान के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
रोप तकनीक से खाई में उतरी टीम, ऐसे बची जान
रात का घनघोर अंधेरा और करीब 125 मीटर गहरी खाई होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद जोखिम भरा था। लेकिन SDRF के जवानों ने बिना वक्त गंवाए रोप तकनीक के सहारे खाई में उतरकर ट्रक तक पहुंच बनाई। ट्रक के भीतर चालक गंभीर रूप से घायल और फंसा हुआ था। SDRF टीम ने सबसे पहले उसे मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद स्ट्रेचर और रस्सियों की मदद से कड़ी मशक्कत करते हुए घायल को खाई से बाहर निकालकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। सुरक्षित रेस्क्यू किए गए ट्रक चालक को जिला पुलिस के सुपुर्द कर तुरंत एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल की पहचान अजय छेत्री निवासी छिद्दरवाला के रूप में हुई है। पहाड़ी रास्तों पर रात के समय हुए इस हादसे में SDRF की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई से एक कीमती जान समय रहते बचा ली गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
