
ऋषिकेश
गंगा दशहरा के पावन पर्व पर जहां एक ओर लाखों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे थे, वहीं दूसरी ओर मुनि की रेती क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया। दिल्ली से दोस्तों के साथ घूमने आए 21 वर्षीय एक युवक की गंगा के तेज बहाव में डूबने से मौत हो गई है। सुरक्षा बलों द्वारा लगातार दी जा रही चेतावनियों और घाट पर लगे डेंजर साइनबोर्ड को नजरअंदाज कर युवक गहरे पानी में तैरने लगा था, जिसके बाद वह तेज धारा की चपेट में आ गया। SDRF की डीप डाइविंग टीम ने युवक को नदी की गहराई से ढूंढ निकाला, जिसके बाद उसे अस्पताल भेजा गया है।
प्रशासन की मुस्तैदी के बावजूद हुआ हादसा
गंगा दशहरा पर उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। विभिन्न घाटों पर SDRF, जल पुलिस और 40bn पीएससी की टीमें मुस्तैद थीं। लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं से लगातार अपील की जा रही थी कि वे गहरे पानी में न जाएं और केवल निर्धारित घाटों पर ही स्नान करें।
इसके बावजूद, दोपहर करीब 12 बजे थाना मुनि की रेती के अंतर्गत लक्ष्मण झूला तपोवन क्षेत्र के सच्चा धाम घाट पर यह हादसा हो गया। दिल्ली और नोएडा से 6 दोस्तों का एक ग्रुप यहाँ घूमने आया हुआ था। सुरक्षाकर्मियों के मना करने के बाद भी ग्रुप के एक युवक ने गंगा के गहरे पानी में तैरने की कोशिश की और वह अचानक तेज बहाव में लापता हो गया।
15 फीट गहराई से स्कूबा डाइवर ने निकाला बाहर
युवक के डूबने की सूचना मिलते ही ढालवाला से SDRF की डीप डाइविंग टीम तुरंत मौके पर पहुँची। बिना वक्त गंवाए टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जांबाज डीप डाइवर अनूप सिंह रावत ने स्कूबा गियर पहनकर नदी में छलांग लगाई और करीब 10 से 15 फीट की गहराई से युवक को ढूंढकर बाहर निकाला। नदी से बाहर निकाले जाने पर युवक पूरी तरह अचेत था। SDRF के जवानों ने तत्काल उसे CPR देकर होश में लाने की कोशिश की, लेकिन काफी प्रयासों के बाद भी उसे होश नहीं आया। इसके बाद टीम ने युवक को जिला पुलिस के सुपुर्द कर एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसकी पहचान चंदन यादव पुत्र राम अवतार निवासी सेक्टर 63, जितेंद्र कॉलोनी, नोएडा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।
SDRF की श्रद्धालुओं से अपील
इस दुखद घटना के बाद SDRF ने गंगा दशहरा और आने वाले दिनों में ऋषिकेश पहुँचने वाले श्रद्धालुओं से एक बार फिर हाथ जोड़कर अपील की है। SDRF का कहना है कि गंगा का बहाव इस समय बेहद तेज और पानी गहरा है। श्रद्धालु अपनी जान जोखिम में न डालें, तैरने का प्रयास बिल्कुल न करें और केवल सुरक्षा घेरे व निर्धारित घाटों के भीतर ही स्नान करें।
रेस्क्यू टीम में शामिल रहे: ASI रवि रावत, HC दरमान सिंह, HC किशोर कुमार, Ct अनूप रावत और जल पुलिस से HC सुभाष ध्यानी।
