
हरिद्वार
उत्तराखंड में हरिद्वार की सिडकुल थाना पुलिस ने चाकू दिखाकर मोबाइल लूटने की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और एक अवैध चाकू बरामद कर लिया है। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस कप्तान नवनीत भुल्लर ने बताया कि मूल रूप से मध्य प्रदेश शहडोल के रहने वाले और वर्तमान में नवोदय नगर चौक पर रह रहे अंगद प्रसाद साहू से बीती आईएमसी चौक पर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने चाकू दिखाकर मोबाइल लूट लिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा किया। थानाध्यक्ष अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को रोका। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनकी पहचान हसन और आशु के रूप में हुई। पुलिस ने इनके पास से लूटा हुआ मोबाइल, घटना में इस्तेमाल बाइक और चाकू बरामद किया। आरोपियों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
