
ऋषिकेश
ऋषिकेश योगनगरी रेलवे स्टेशन पर सोमवार रात बड़ा रेल हादसा हुआ है। योग नगरी रेलवे स्टेशन पर पहुंची उज्जैनी एक्सप्रेस जब वाशिंग लाइन में जाने के लिए ट्रैक बदल रही थी तभी वह अनियंत्रित हो गई। देखते ही देखते वह वॉशिंग लाइन ट्रैक पर तेजी से आगे बढ़ी और एंड पॉइंट पर तेज आवाज के साथ बफर स्टॉप से टकरा गई। घटना में तीन बोगी पटरी से उतर गई। जो बुरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गई। एक बोगी तो पटरी से काफी दूर होकर हवा में ही लटक गई। हादसे की आवाज सुनकर खांड गांव के आसपास के लोग सहम गए और वह घटनास्थल की ओर दौड़े। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन फानन में जीआरपी, आरपीएफ, लोकल पुलिस और स्टेशन प्रशासन मौके पर पहुंचा। उन्होंने घटना के बारे में जानकारी जुटाई। फिलहाल यह नहीं पता चला है कि आखिरकार ऐसा क्या हुआ की यह हादसा हुआ है। कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि हादसे में किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है। यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से शाम को योग नगरी स्टेशन पहुंची थी। उसके बाद यह वॉशिंग लाइन में शंटिंग हो रही थी, तभी अचानक यह हादसा हुआ। यह ट्रेन मंगलवार की सुबह योग नगरी रेलवे स्टेशन से रवाना होनी थी। योग नगरी रायवाला ट्रैक बाधित नहीं हुआ है। वही इस घटना की रेलवे प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि फिलहाल मौके पर व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद ही हादसे के कारण स्पष्ट हो पाएंगे। फिलहाल तकनीकी गड़बड़ी का मामला प्रथम दृष्टि दिखाई दे रहा है। गनीमत यह रही की हादसे के वक्त ट्रेन में कोई मौजूद नहीं था। जिससे जान का कोई नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि तीन बोगियां क्षतिग्रस्त हुई है। ऋषिकेश में इस प्रकार का यह पहला हादसा बताया जा रहा है।
