देहरादून
उत्तराखंड में आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की शुचिता और पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए STF को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की परीक्षा के दौरान सर्वर हैक कर नकल कराने वाले गिरोह के मुख्य मास्टरमाइंड को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई की जानकारी देते हुए एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद राज्य और केंद्र सरकार द्वारा आयोजित होने वाली तमाम परीक्षाओं पर एसटीएफ लगातार पैनी नजर रख रही है। इसी निगरानी के तहत पूर्व में गठित तकनीकी टीमों की मदद से इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है।
हाईटेक तरीके से तैयार किया था फर्जी सर्वर
एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, इसी वर्ष फरवरी माह में आयोजित हुई एसएससी की एक परीक्षा के दौरान इस हाईटेक नकल गिरोह का पर्दाफाश हुआ था। इस गिरोह ने परीक्षा केंद्र के मुख्य सर्वर में सेंध लगाकर एक समानांतर (नया) सर्वर तैयार किया हुआ था, जिसके जरिए अभ्यर्थियों को नकल कराई जा रही थी। इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी।
ब्लूटूथ के जरिए भी नकल का प्रयास
जांच में यह भी सामने आया है कि नवंबर 2025 में आयोजित हुई एक अन्य एसएससी परीक्षा में भी इस गिरोह द्वारा ब्लूटूथ के माध्यम से अभ्यार्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया था। उस दौरान भी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था, जबकि उसका एक साथी फरार होने में कामयाब रहा था।

मास्टरमाइंड ‘इंद्रजीत’ दिल्ली से गिरफ्तार, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स बरामद
लगातार मिल रहे इनपुट और तकनीकी छानबीन के बाद, एसटीएफ की टीम ने इस पूरे खेल के मुख्य सूत्रधार इंद्रजीत को गिरफ्तार कर लिया है, जो दिल्ली का निवासी है। आरोपी के पास से एसटीएफ को भारी मात्रा में महत्वपूर्ण साक्ष्य और उपकरण मिले हैं, जिनमें एक लैपटॉप, चार मोबाइल, इंटरनेट राउटर 20 बैटरी ब्लूटूथ डिवाइस आदि शामिल है। पूछताछ में यह बात भी साफ हुई है कि आरोपी पूर्व में कई अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी वांटेड था और वह पहले भी कई जगहों पर गोपनीय तरीके से फर्जी सर्वर स्थापित करने का प्रयास कर चुका था।
आगामी परीक्षा में भी था सेंध लगाने का इरादा
एसएसपी एसटीएफ ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि आगामी सोमवार को भी एसएससी द्वारा एक परीक्षा आयोजित की जानी है। गिरफ्तार आरोपी इंद्रजीत इस परीक्षा में भी राउटर और अन्य उपकरणों के माध्यम से गड़बड़ी करने की फिराक में था, लेकिन मुस्तैद एसटीएफ ने वक्त रहते उसे दबोच लिया।पूछताछ और बरामद उपकरणों से कई अहम जानकारियां हाथ लगी हैं। इस गिरोह से जुड़े अन्य कड़ियों और मददगारों को तलाशने के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं।
