
ऋषिकश
नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मामलों को लेकर राज्य भर में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष हिमांशु जाटव के नेतृत्व में छात्रों ने देहरादून तिराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका और नारेबाजी कर प्रदर्शन भी किया। इसके बाद हिमांशु जाटव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा भाजपा सरकार लगातार छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उत्तराखंड से लेकर पूरे देश में पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है। जाटव ने नीट परीक्षा के परिणामों पर सवाल उठाते हुए कहा कि लाखों छात्रों का भविष्य अधर में है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मामले में सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों की संलिप्तता पाई जा रही है, जो देश के लिए एक दयनीय स्थिति है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने सरकार से मांग की है कि नीट परीक्षा में हुई धांधली की निष्पक्ष जांच हो।

छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए जल्द से जल्द नई परीक्षा आयोजित की जाए। दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। हिमांशु जाटव ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने छात्रों को जल्द राहत नहीं दी और पारदर्शी व्यवस्था नहीं बनाई, तो छात्र आंदोलन को और तेज करेंगे। इस दौरान भारी संख्या में छात्र मौजूद रहे और सरकार विरोधी नारेबाजी की। मौके पर हिमांशु कश्यप, अभिषेक त्रिशूलिया, मानव रावत, सौरभ वर्मा, विशाल स्नेह आदि शामिल रहे।
