
ऋषिकेश/मुनिकीरेती
तीर्थनगरी ऋषिकेश के निकट शिवपुरी घाट पर आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चंडीगढ़ से घूमने आए तीन दोस्तों में से एक युवक गंगा के तेज बहाव की चपेट में आ गया। जिसे आपदा राहत दल के जवानों ने अपनी जान पर खेलकर सकुशल बचा लिया। मुनिकीरेती पुलिस के मुताबिक आज दोपहर चंडीगढ़ से तीन युवक शिवपुरी घाट पर गंगा स्नान के लिए पहुंचे। नहाने के दौरान सोमवीर 40 वर्ष निवासी चंडीगढ़ अचानक गंगा के तेज बहाव के कारण अनियंत्रित होकर बहने लगा। युवक को डूबता देख घाट पर हड़कंप मच गया। मौके पर तैनात आपदा राहत दल (SDRF/जल पुलिस) के जवानों ने बिना समय गंवाए तत्काल गंगा में छलांग लगा दी। जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद सोमवीर को सुरक्षित बाहर निकाला। किनारे लाने के बाद सीपीआर देकर युवक को उसके साथी सुनील के सुपुर्द कर दिया। थाना मुनिकीरेती के कोतवाल प्रदीप चौहान ने बताया कि गर्मी का सीजन होने के कारण घाटों पर भीड़ बढ़ रही है और गंगा का वेग भी काफी तेज है। उन्होंने पर्यटकों से अपील की है कि वे निर्धारित सुरक्षित क्षेत्रों में ही स्नान करें और जल पुलिस के निर्देशों का पालन करें। सोमवीर को बचाने वाली टीम में धनवीर सिंह, हिक्मत सिंह, सत्यवीर सिंह, गुमान सिंह, हरिश सुंदरियाल आदि शामिल रहे।
