
ऋषिकेश
आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में सफलता का परचम लहराया है। विद्यालय के कुल 11 छात्र-छात्राओं ने राज्य की वरीयता सूची में अपनी जगह पक्की कर संस्थान का मान बढ़ाया है। इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में विद्यालय के छात्र आर्यन ने पूरे प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय की उत्कृष्टता को साबित किया। इनके साथ ही तीन अन्य छात्र-छात्राओं ने भी मेरिट में अपनी जगह बनाई है। जिसमे गौरव ने 17वीं, हिमांशु गुप्ता ने 23वीं रैंक और अन्वेषिका 25वीं रैंक हासिल की है। हाईस्कूल परीक्षा में भी विद्यालय का दबदबा बरकरार रहा। सात छात्र-छात्राओं ने राज्य स्तरीय मेरिट सूची में गौरवपूर्ण स्थान प्राप्त किया है। सक्षम ने 13वीं, अक्षिता गैरोला ने 16वीं, अर्णव बसलियाल ने 17वीं, निखिल रतूड़ी 20वीं,अभिषेक राणा ने 21वीं, शिवानी सेमवाल ने 24वीं और सांची चोपड़ा ने 25वीं रैंक प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया है। कॉलेज के प्रधानाचार्य उमाकांत पंत ने कॉलेज का नाम रोशन करने वाले सभी छात्रों को माला पहनकर उनकी हौसला अफजाई की है। मिठाई खिलाकर उज्जवल भविष्य का आशीर्वाद भी दिया है।

शत-प्रतिशत रहा परीक्षा परम
विद्यालय के परीक्षा प्रभारियों, सतीश चौहान और रामगोपाल रतूड़ी ने बताया कि इस वर्ष हाईस्कूल में 245 और इंटरमीडिएट में 271 छात्र परीक्षा में सम्मिलित हुए थे। गौरव की बात यह है कि सभी विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की और विद्यालय का परिणाम 100% रहा।

जश्न का माहौल
परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर उत्सव के मैदान में बदल गया। छात्रों ने मिठाइयां बांटकर और शिक्षकों का आशीर्वाद लेकर अपनी खुशी व्यक्त की। शिक्षकों ने मेधावी छात्रों के साथ फोटो खिंचवाकर इन यादगार लम्हों को संजोया। ढोल नगाड़ों की ताप पर टीचर, छात्र और उनके परिजन नाचते हुए भी दिखाई दिए।
“यह अभूतपूर्व सफलता विद्यार्थियों के कठोर परिश्रम, अनुशासन और उनके संस्कारों का प्रतिफल है। हम मां गंगा से इन सभी के उज्ज्वल और स्वर्णिम भविष्य की कामना करते हैं।”

— प्रो. गौरव वार्ष्णेय (प्रबंधक) एवं उमाकांत पंत (प्रधानाचार्य)
मीडिया प्रभारी नरेन्द्र खुराना ने इस उपलब्धि को भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य नागेन्द्र पोखरियाल, वीरेंद्र कंसवाल, यशोदा भारद्वाज, और नन्द किशोर भट्ट सहित समस्त स्टाफ ने छात्रों को शुभकामनाएं दीं।
