
हरिद्वार
तीर्थनगरी हरिद्वार के कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत रोडी बेलवाला इलाके में एक साधु की डंडे और पत्थर से कूचकर निर्मम हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी नेपाली मूल का है, जिसने पुरानी रंजिश और नशे के विवाद में इस वारदात को अंजाम दिया। एसएसपी नवनीत भुल्लर ने बताया कि बीती 21 अप्रैल की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि दीनदयाल पार्किंग के पास हाईवे के बीच रहने वाले एक अज्ञात साधु पर किसी ने जानलेवा हमला किया है। मौके पर पहुँची पुलिस ने घायल साधु को जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त न हो पाने के कारण पुलिस ने खुद वादी बनकर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। आज संदिग्ध व्यक्ति गंगा सभा की अस्थायी पार्किंग के पास देखा गया है। पूछताछ में उसने साधु की हत्या का जुर्म कबूल किया। जिसकी पहचान दीपक थापा निवासी नेपाल के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कुछ दिन पहले ही चंडीगढ़ से हरिद्वार आया है। कुछ समय पहले सोने की जगह को लेकर उसका उक्त साधु से विवाद हुआ था, जिसमें उसे चोट लगी थी। बीती रात कनखल में शादी का काम करने के बाद उसने नशा किया और फिर बदला लेने की नीयत से साधु के पास पहुंचा। गाली-गलौज होने पर उसने पहले बांस के डंडे से और फिर डंडा टूटने पर भारी पत्थर से साधु के चेहरे पर वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
