
ऋषिकेश
भारतीय जनता पार्टी के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने ऋषिकेश स्थित जिला कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस पार्टी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने महिलाओं के आरक्षण विधेयक के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए राज्यव्यापी आंदोलन और विरोध प्रदर्शन की घोषणा की। महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस कभी भी महिलाओं को आरक्षण देने के पक्ष में नहीं रही है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी 24 तारीख को देहरादून में हजारों की संख्या में महिलाएं एकत्रित होकर एक विशाल प्रदर्शन करेंगी। इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य जनता तक यह संदेश पहुंचाना है कि कांग्रेस ने महिला आरक्षण के मार्ग में बाधाएं उत्पन्न की हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि यह विरोध केवल देहरादून तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे पंचायत और गांव स्तर तक ले जाया जाएगा। हर मंडल स्तर पर भाजपा की महिला कार्यकर्ता व्यापक आंदोलन करेंगी। कांग्रेस के पुतले दहन कर उनके महिला विरोधी रवैये का विरोध किया जाएगा। जिला पंचायतों, ब्लॉक स्तर और उन ग्राम पंचायतों में जहाँ महिला प्रधान हैं, कांग्रेस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। महेंद्र भट्ट ने संकेत दिया कि विधानसभा के भीतर भी कांग्रेस के इस नजरिए के खिलाफ पुरजोर विरोध किया जाएगा। महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस नेतृत्व से नैतिकता के आधार पर माफी की मांग की। उन्होंने कहाअगर कांग्रेस में थोड़ी भी नैतिकता बची है, तो उन्हें देश की मातृशक्ति से माफी मांगनी चाहिए और प्रधानमंत्री से आग्रह करना चाहिए कि विशेष सत्र बुलाकर इन विधेयकों को पारित करने में सहयोग दें।
