
ऋषिकेश
कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने नाबालिग लड़की का पीछा करने, उसे बहला-फुसलाकर ले जाने का प्रयास करने और जान से मारने की धमकी देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के मुताबिक बीती 19 अप्रैल 2026 को ऋषिकेश के 14 बीघा क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को तहरीर दी थी। महिला का आरोप था कि उनके पड़ोस में रहने वाला मोहम्मद रिहान उनकी 13 वर्षीय नाबालिग बेटी का लगातार पीछा कर रहा है। वह उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश करता है और विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देता है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया। कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी मोहम्मद रिहान को उसके निवास स्थान गुमानीवाला से गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में पोक्सो एक्ट की वृद्धि की। कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि आरोपी को कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा गया है। कहना है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। इस कार्रवाई में महिला उपनिरीक्षक वरसा रमोला और कांस्टेबल ललित शामिल रहे।
