
डोईवाला
राजधानी में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के अंतर्गत पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। देर रात डोईवाला क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में बदमाश घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना 16 अप्रैल की मध्य रात्रि की है। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक संदिग्ध सफेद स्विफ्ट कार हर्रावाला क्षेत्र में घूम रही है। जब हर्रावाला चौकी पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया, तो चालक बैरियर तोड़कर हरिद्वार की ओर भागने लगा। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर जिले भर में नाकाबंदी की गई। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुआंवाला से आगे कार एक हाईवे बोर्ड से टकरा गई। इसके बाद बदमाश ने जंगल की ओर भागते हुए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। एसएसपी ने बताया कि आरोपी की पहचान क्रान्तानाथ निवासी सपेरा बस्ती, पथरी हरिद्वार के रूप में हुई है। वह डोईवाला और रानीपोखरी थानों में चोरी के कई मामलों में लंबे समय से वांछित चल रहा था। आरोपी के कब्जे से 1 देशी तमंचा, 2 खोखा कारतूस और 1 जिंदा कारतूस के अलावा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद हुई है।
