
ऋषिकेश
लक्ष्मण झूला पुलिस और एलआईयू की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान राम झूला क्षेत्र से एक संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो अपनी पहचान छिपाकर और फर्जी आधार कार्ड के जरिए भारत में अवैध रूप से रह रहा था। लक्ष्मण झूला के वरिष्ठ उप निरीक्षक प्रकाश पोखरियाल के मुताबिक पुलिस टीम राम झूला रोड स्थित काली मंदिर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान प्रतीक्षालय में भगवा वेश धारण किए एक व्यक्ति पर पुलिस को संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान उसने पहले अपना नाम सत्यनिष्ठ आर्य निवासी दिल्ली बताया, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसकी असलियत सामने आ गई। जिसकी असली पहचान सनीउर रहमान पुत्र सैदुर रहमान, निवासी जिला फरीदपुर, बांग्लादेश के रूप में हुई है। पुलिस और एलआईयू की पूछताछ में सनीउर रहमान ने कुबूल किया कि वह साल 2016 में नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत आया है। उसने दिल्ली में पैसे देकर सत्यनिष्ठ आर्य के नाम से फर्जी आधार कार्ड बनवाया। उसका असली बांग्लादेशी पासपोर्ट साल 2018 में ही समाप्त हो चुका है। जिसकी कॉपी उसके मोबाइल में पाई गई। पुलिस ने आरोपी के पास से तीन स्मार्टफोन, एक लैपटॉप, एक टैबलेट, एक पेन ड्राइव, चार्जर, माउस बरामद किए हैं। एसएसआई प्रकाश पोखरियाल ने बताया कि बांग्लादेशी नागरिक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि अभियुक्त का उद्देश्य क्या था और वह किन गतिविधियों में लिप्त था। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उप-निरीक्षक, हेमकांत सेमवाल, एलआईयू से सौरभ राठी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
