
ऋषिकेश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सफल चार वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने पर मंगलवार को ऋषिकेश विधानसभा के एक प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास पर उनसे शिष्टाचार भेंट की। भाजपा के जिला महामंत्री प्रतिक कालिया के नेतृत्व में पहुंचे इस दल ने मुख्यमंत्री को बधाई दी और क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं के समाधान हेतु मांग पत्र सौंपा। भेंट के दौरान प्रतीक कालिया ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में ‘संकल्प से समृद्धि’ तक का सफर जनकल्याणकारी नीतियों और धरातलीय विकास का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने पिछले चार वर्षों में प्रदेश में हुए ऐतिहासिक कार्यों की सराहना की।

जिला महामंत्री ने मुख्यमंत्री के सम्मुख ऋषिकेश विधानसभा की दो प्रमुख समस्याओं को प्रमुखता से रखा। हरिपुर कलां (भाग-2) स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में लंबे समय से हिंदी, गणित और विज्ञान जैसे मुख्य विषयों के प्रवक्ताओं के पद रिक्त हैं। इससे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ऋषिकेश के व्यापारियों के हित और शहर को जाम व पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए एक व्यवस्थित ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण की नितांत आवश्यकता बताई गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़ी इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए जाएंगे। इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य मितीका शर्मा, पूजा ग्वाडी, लक्ष्मी जुगरान, मोहित शर्मा, धर्मेंद्र ग्वाडी और सुनील जुगरान शामिल थे।
