ऋषिकेश
ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल की इमरजेंसी में सोमवार आधी रात एक 38 वर्षीय महिला ने भारी हंगामा किया। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और चिकित्सा कर्मियों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक उक्त महिला को आपातकालीन 108 सेवा के माध्यम से सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया था। अस्पताल पहुंचते ही महिला ने अचानक असहज और आक्रामक व्यवहार करना शुरू कर दिया। आरोप है कि हंगामे के दौरान महिला ने इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टर के साथ अभद्रता और बदसलूकी की। जब चिकित्सक ने उसके इस व्यवहार का विरोध किया, तो महिला ने गुस्से में आकर उनके मुंह पर प्लास्टिक की बोतल दे मारी। इतना ही नहीं, आरोपी महिला ने अस्पताल में मौजूद अन्य मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को संभालने और महिला को शांत कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह लगातार हंगामा करती रही। आधी रात को हुए इस घटनाक्रम से अस्पताल में हड़कंप मचा रहा। एसएसआई नवीन जोशी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक महिला वहां से जा चुकी थी। फिलहाल पुलिस को इस मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीएमएस डॉ. आनंद सिंह राणा का कहना है कि हंगामे की सूचना रात को ही पुलिस को दे दी गई थी। अस्पताल की सुरक्षा के मद्देनजर रात के समय होमगार्ड्स की तैनाती भी की गई है।
