
ऋषिकेश
एम्स ऋषिकेश की छठी मंजिल की छत पर चढ़ा मनोरोगी। नीचे खड़ी भीड़ की कुछ पल के लिए थम गई सांसें। सुरक्षाकर्मियों ने बातों में उलझाया और एक जांबाज तीमारदार ने पीछे से दबोच कर बचा ली जान। एम्स प्रशासन के मुताबिक आज सुबह करीब 11 बजे परिजन एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को इलाज के लिए एम्स लेकर पहुंचे। इस दौरान युवक ने इलाज नहीं कराने का दबाव परिजनों पर बनाया और वह हाथ छुड़ाकर भागने लगा। भागते-भागते वह एम्स की छठी मंजिल पर जा पहुंचा। छत की मुंडेर पर खड़े इस युवक को देख एम्स परिसर में हड़कंप मच गया। नीचे खड़े लोगों की सांस भी कुछ पल के लिए थम गई। यह नजारा देख सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक को बातों में उलझाया। इस दौरान एक अन्य तीमारदार चुपके से छत पर जा पहुंचा और उसने युवक को पीछे खींच लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक छत की मुंडेर से नीचे कूदने की कोशिश कर रहा था। गनीमत रही कि समय रहते युवक को पीछे खींच लिया गया। जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। वही इस घटना ने एम्स और मरीज की सुरक्षा को कटघरे में खड़ा कर दिया है। एम्स के जनसंपर्क अधिकारी श्रीलॉय मोहंती ने बताया कि एक तीमारदार और गार्डस की तत्परता से बड़ा हादसा टला है।
