
ऋषिकेश
ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने ‘गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड’ में हुई सनसनीखेज चोरी के मामले का पूरी तरह पर्दाफाश करते हुए फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने इस प्रकरण में शामिल 6 आरोपियों को दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए मोबाइल, लैपटॉप, टैबलेट, स्मार्ट वॉच और अन्य महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए हैं। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि बीते 6 नवंबर की रात ऋषिकेश-हरिद्वार रोड स्थित गीतानगर गली नंबर-10 के बाहर स्थित ‘गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड’ दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोरों ने विभिन्न कंपनियों के मोबाइल लैपटॉप और डेमो फोन चोरी कर लिए थे। दुकान के मालिक श्री अश्वनी कुमार की तहरीर पर कोतवाली ऋषिकेश में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने 9 नवंबर को चेकिंग के दौरान चार आरोपियों नितिन दास, अभिषेक थापा, योगेंद्र उर्फ दीपक और रोहन को गिरफ्तार किया था। उनके पास से 30 मोबाइल, 3 लैपटॉप, 1 एप्पल आईपैड और 2 मोटरसाइकिलें बरामद हुई थीं। विवेचना के दौरान प्रकाश में आए दो अन्य आरपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम को आज बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने शेखर चौधरी उर्फ प्रिंस निवासी प्रतीत नगर, रायवाला को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से चोरी का एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। संजीव उर्फ संदीप उर्फ हेलमेट निवासी प्रतीत नगर, रायवाला को नेपाली फार्म के पास से दबोचा गया। उसके पिट्ठू बैग से इनफिनिक्स जीटी, मोबाइल, एक लैपटॉप, एक इनफिनिक्स टैबलेट, दो जेबीएल स्पीकर और एक फास्टट्रैक स्मार्ट वॉच बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चोरी के सामान का कुछ हिस्सा छिपाकर हरियाणा चला गया था और अब इन्हें बेचने की फिराक में था।
01 इनफिनिक्स GT मोबाइल फोन
01 सैमसंग मोबाइल फोन
01 एचपी (HP) लैपटॉप
01 इनफिनिक्स XPAD टैबलेट
02 जेबीएल (JBL) एयर स्पीकर
01 फास्टट्रैक स्मार्ट वॉच
01 काले-ग्रे रंग का पिट्ठू बैग
सराहनीय पुलिस टीम
इस खुलासे और अपराधियों की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक अमित कुमार, कांस्टेबल सौरभ चौहान और कांस्टेबल रमेश मैठाणी की मुख्य भूमिका रही। देहरादून पुलिस द्वारा अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार की जा रही इस प्रभावी कार्रवाई से व्यापारियों में राहत का माहौल है।
