
ऋषिकेश
उत्तराखंड के प्रसिद्ध सांस्कृतिक लोक पर्व ‘इगास’ की पूर्व संध्या पर गढ़ सेवा संस्थान ऋषिकेश के तत्वावधान में ‘गढ़ रक्षक महोत्सव’ का भव्य आयोजन होगा। संस्थान का यह 12वां वार्षिक कार्यक्रम 17 नवंबर को हरिद्वार रोड स्थित आशीर्वाद वाटिका में आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में रेलवे रोड स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संस्थान के अध्यक्ष रविंद्र सिंह राणा और निदेशक राजेंद्र सिंह नेगी ने कार्यक्रम से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की। गढ़ सेवा संस्थान के अध्यक्ष रविंद्र सिंह राणा ने बताया कि यह संस्था का 11 सफल कार्यक्रमों के बाद 12वां बड़ा आयोजन है। इस भव्य महोत्सव में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व कैबिनेट मंत्री, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं ऋषिकेश के विधायक प्रेमचंद अग्रवाल करेंगे। इसके अलावा, विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य मंत्री एवं दायित्वधारी वीरेंद्र दत्त सेमवाल कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। महोत्सव का मुख्य आकर्षण उत्तराखंड की लोक संस्कृति और आधुनिकता का अनूठा संगम होगा।
पांडवाज बैंड: देश-विदेश में अपनी एक अलग पहचान बना चुका प्रसिद्ध उत्तराखंडी बैंड ‘पांडवाज’ इस कार्यक्रम में अपना लाइव कंसर्ट प्रस्तुत करेगा।
पारंपरिक प्रस्तुतियां: कार्यक्रम में भैलू नृत्य, मंडाण और विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
उत्तराखंडी व्यंजन व उत्पाद: कार्यक्रम स्थल पर पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही, स्थानीय स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए पहाड़ी उत्पादों के विक्रय केंद्र भी निःशुल्क उपलब्ध होंगे।
विशिष्ट हस्तियों का सम्मान
इस वर्ष संस्था द्वारा अपने क्षेत्र और राष्ट्रहित में विशिष्ट योगदान देने वाले 5 महानुभावों को उनके पुरुषार्थ और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान मुख्यमंत्री के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया जाएगा। संस्थान के 12वें आयोजन को खास बनाने के लिए लकी ड्रॉ का आयोजन किया जाएगा। जिसके जरिए 12 भाग्यशाली विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार बांटे जाएंगे। मुख्य पुरस्कारों में स्कूटी मोबाइल और साइकिल के अलावा सात्वना पुरस्कार शामिल हैं। गढ़ सेवा संस्थान ने सभी क्षेत्रवासियों और प्रवासियों से इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।
